



आजमगढ़। जनगणना कार्य के दौरान एक प्रगणक महिला के साथ कथित रूप से मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हाफिजपुर पल्हनी स्थित यूपीएस विद्यालय में कार्यरत प्रगणक उर्फी फात्मा 31 मई को जनगणना कार्य के सिलसिले में हाफिजपुर गांव के एक मकान पर पहुंची थीं। मकान स्वामी के बताने पर वह ऊपर रहने वाले किरायेदार का विवरण दर्ज करने के लिए गईं। इसी दौरान किरायेदार ओंकार नाथ यादव से जनगणना संबंधी जानकारी मांगी गई।
आरोप है कि जानकारी लेने के दौरान ओंकार नाथ यादव आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने प्रगणक के साथ मारपीट की तथा धक्का-मुक्की की। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना में महिला को चोटें आने की बात तहरीर में कही गई है।
पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली थाने में दी और सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही जनगणना कार्य में सहयोग सुनिश्चित कराने की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी ओंकार नाथ यादव निवासी हाफिजपुर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 221, 351(3) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जनगणना कार्य में बाधा का गंभीर मामला
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जनगणना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्य में लगे कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और कार्य में बाधा उत्पन्न करना गंभीर विषय माना जाता है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
