
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के सेनपुर गांव में आबादी की जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, सेनपुर निवासी रामबली पुत्र हुबलाल ने आरोप लगाया कि 23 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान नीरज, अभिषेक, शनि (तीनों पुत्र मेवालाल), विक्की पुत्र शिवदास तथा शिवकुमार पुत्र पन्नालाल ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले में रामबली की पुत्री नीतू, पुत्र पवन और पुत्री रीता घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नीतू और पवन के सिर में गहरी चोटें आईं, जिनके उपचार के दौरान चार से पांच टांके लगाए गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पांचों नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर आशीष कुमार निषाद
