
आजमगढ़, 15 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ को लेकर जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई और विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और सेवा को समर्पित सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत संगठन के विभिन्न स्तरों पर 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर होगी। इसी दिन शाम सात बजे देशभर में एक साथ दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही आमजन से भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
बैठक में अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंपने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सेवा, जनकल्याण और समाजहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में ऋषिकेश दुबे, पवन सिंह मुन्ना, आनंद सिंह, सुरेंद्र राजभर, अवनीश मिश्रा, विपिन राय, विभा बरनवाल, अनीता पटेल, शोभित श्रीवास्तव, मनोज गिरी, विवेक निषाद, जितेंद्र राय और सुजीत सिंह टीका समेत भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
