आजमगढ़ में सड़क हादसा, सहायक अध्यापक की मौत, मुड़हर-लालगंज मार्ग पर बकरी आने से अनियंत्रित हुई बाइक, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने कुचला

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के मुड़हर-लालगंज मार्ग पर शंकरपुर मोड़ के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में सहायक अध्यापक चंदन कुमार (46) की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
चंदन कुमार पुत्र संतलाल, मुड़हर गांव निवासी थे और विकासखंड ठेकमा के प्राथमिक विद्यालय भैसकुर में वर्ष 2013 से सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को वह रोज की तरह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। शंकरपुर मोड़ के पास अचानक सड़क पर बकरी आ जाने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे में चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों ने उन्हें तत्काल मानव रचना अस्पताल, बिजौली पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
चंदन कुमार की पत्नी अंजू गौतम लालगंज स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कार्यरत हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके 15 वर्षीय पुत्र ज्योतिष प्रसाद और तीन वर्षीय पुत्री अनु श्री गौतम हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सहायक अध्यापक की मौत की खबर से शिक्षा क्षेत्र ठेकमा के शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षकों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बरदह पुलिस ने मृतक की पत्नी अंजू गौतम की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *