आजमगढ़ पहुंचे अखिलेश यादव, दिवंगत विधायक आलम बदी आज़मी को दी श्रद्धांजलि; बोले- सरकार झुक गई, अब जाने का वक्त आ गया है

Uncategorized

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने शहर के कुर्मी टोला स्थित दिवंगत सपा विधायक आलम बदी आज़मी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा परिवार के साथ खड़ी है और हर परिस्थिति में उनका साथ देती रहेगी।
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और हालिया घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नई पीढ़ी की ऊर्जा और संघर्ष की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि युवाओं ने अपनी बात सरकार तक पहुंचाई और सरकार को झुकना पड़ा। अगर सरकार को यही निर्णय लेना था तो पहले ही छात्रों से बातचीत कर लेती। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही यह स्वीकार कर चुकी थी कि पेपर लीक हुआ था। यह ‘जेन जी’ की बड़ी जीत है और डरी हुई सरकार आखिरकार झुक गई है। अब उसके जाने का वक्त आ गया है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई यह कहता है कि समाजवादी पार्टी राजनीति कर रही है, तो पार्टी युवाओं के अधिकारों की राजनीति कर रही है और हमेशा उनके साथ रहेगी। दिल्ली में हुई हिंसा और छात्रों पर लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा हिंसा का विरोध करती है और युवाओं पर लाठीचार्ज पूरी तरह गलत था।
नकल और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार के फैसले को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। केवल एक फैसले से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि पारदर्शी और मजबूत व्यवस्था बनाकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *