
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जहानागंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में रविवार को यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान न्यायालय से जारी वारंटों के आधार पर विभिन्न मामलों में वांछित आठ लोगों को उनके संबंधित क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार वारंटियों में खल्लोपुर निवासी श्रीराम, सेवटा निवासी मुनीब राम, बरहतिर जगदीशपुर निवासी रानी, बैलाकोट निवासी सूर्यनाथ, भुजही निवासी मुन्ना सिंह उर्फ संतोष, मसउदपुर निवासी इसरावती, बड़ौरा बुजुर्ग निवासी लीला तथा बरहतिर जगदीशपुर निवासी विनोद शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि सभी वारंटियों को विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। अभियान आगे भी जारी रहेगा और न्यायालय से जारी वारंटों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
