कर्तव्य में लापरवाही पर मेंहनगर थाने के उपनिरीक्षक उमेश कुमार सिंह निलंबित

Uncategorized

आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेंहनगर थाने पर तैनात उपनिरीक्षक (ना.पु.) उमेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपनिरीक्षक उमेश कुमार सिंह पर अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता बरतने का आरोप है। जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि थाना मेंहनगर पर दर्ज एक मुकदमे में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए उन्होंने कोई प्रभावी एवं सार्थक प्रयास नहीं किया। इसके अलावा उच्चाधिकारियों के आदेशों और निर्देशों की भी अवहेलना की गई।
मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 25 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक उमेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने के आदेश दिए।
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता या उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *