पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, मारपीट कर किया लहूलुहान; अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस, आक्रोशित लोगों की भीड़, पुलिस ने कराया शांत

Uncategorized

आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदूरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ मनबढ़ों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, मंगलवार को शंभू बाजार में मक्का बेच रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में शंभू लहूलुहान हो गया, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घायल के भाई शेषनाथ ने आरोप लगाया कि हमला पूर्व नियोजित था और आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर कंधरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे तक पुलिस घटनास्थल और पूरे मामले की पड़ताल में जुटी रही। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *