भाजपा कार्यालय में बवाल, नेताओं के गुट आपस में भिड़े, घंटों तक मचा रहा हंगामा, वीडियो वायरल

Uncategorized

आजमगढ़। जजी मैदान के पीछे स्थित भाजपा के जिला पार्टी कार्यालय में रविवार को दिन में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंचने की चर्चा है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेता ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू की कुछ लोगों से बहस होती दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि पार्टी कार्यालय के सभागार में निर्धारित कार्यक्रम के तहत बैठक चल रही थी। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह के अलावा कई पदाधिकारी, संभावित प्रत्याशी और कार्यकर्ता मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ने पर माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। इसके बाद भी काफी देर तक कार्यालय में गहमागहमी बनी रही। घटना को लेकर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
हालांकि विवाद की असल वजह क्या थी और किन बातों को लेकर नेताओं के बीच कहासुनी हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस संबंध में पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता की ओर से भी फिलहाल कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *