खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान की मौत, मोटर से लगे कटे तार के छूते ही झटका लगते ही गिर पड़े

Uncategorized

अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के जमीन दशाव गांव में खेत की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जमीन दशाव गांव निवासी जोखू (55) पुत्र परसु अपने खेत में बिजली की मोटर से सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान मोटर में लगे कटे हुए विद्युत तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार शाम करीब चार बजे तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश की गई। खेत पहुंचने पर जोखू मृत अवस्था में मिले, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची अतरौलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फील्ड यूनिट ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।मृतक अपने पीछे पत्नी तिजा और चार पुत्रों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पुत्र गुलाब ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पिता की खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से मौत हुई है।थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर प्राप्त हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *