रिमझिम बारिश में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

Uncategorized

आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पूर्व गुरुवार को आजमगढ़ में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान से जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में रिमझिम बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं, शिक्षक, होमगार्ड जवान और आमजन हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत डीएवी इंटर कॉलेज मैदान में हुई, जहां प्रभारी मंत्री अनिल राजभर का भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को नमन करते हुए आजादी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए देश की समृद्धि और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराया।
इसके बाद तिरंगा यात्रा डीएवी इंटर कॉलेज से रवाना हुई। यात्रा रायपुर तिराहा, गांधी तिराहा, रायडूपुर त्रिमूर्ति तिराहा, नेहरू हॉल, कलेक्ट्रेट चौराहा, पंचदेव चौराहा और सिविल लाइन होते हुए अग्रसेन चौराहा पहुंची। वहां से अंबेडकर पार्क में यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयंत सिंह, अखिलेश कुमार मिश्रा (गुड्डू), भाजपा लालगंज अध्यक्ष विनोद राजभर, एमएलसी विक्रांत सिंह ऋषु, राकेश सिंह, राजेश सिंह, जितेंद्र राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा होमगार्ड के जवान, प्राथमिक विद्यालयों की शिक्षिकाएं, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिक भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। रिमझिम बारिश के बीच निकली यह यात्रा पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों से गूंजती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *