
आजमगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड के एक बड़े मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 13 एटीएम कार्ड, दो पैन कार्ड, दो आधार कार्ड तथा 20,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी पंकज कुमार तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव निवासी मनोज यादव के साथ 51GAME नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए 9.25 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई थी। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पहले बिहार के भोजपुर जिले से अविनाश विजय नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। आगे की जांच में तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण और सीडीआर जांच के आधार पर वाराणसी निवासी शशांक खन्ना और कमलेश शर्मा की संलिप्तता सामने आई। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। ये लोग विभिन्न साइबर अपराधों से प्राप्त धनराशि को कमीशन के आधार पर करंट खातों में मंगाकर आगे ट्रांसफर करते थे। जांच में पाया गया कि शशांक खन्ना और उसके सहयोगी कमलेश शर्मा के कैनरा बैंक खाते में मात्र दो दिनों के भीतर करीब 4.64 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ था।
पुलिस के अनुसार उक्त खाते के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 52 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान खाते में मौजूद 3.56 लाख रुपये फ्रीज भी कराए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
शशांक खन्ना पुत्र शत्रुधन खन्ना, निवासी जियुधीपुर किरहिया, थाना भेलूपुर, वाराणसी।
कमलेश शर्मा पुत्र सीताराम शर्मा, निवासी आनंद विहार कॉलोनी, अकथा पहड़िया, थाना सारनाथ, वाराणसी।
बरामदगी
03 मोबाइल फोन
13 एटीएम कार्ड
02 पैन कार्ड
02 आधार कार्ड
20,500 रुपये नकद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
