
आजमगढ़। सठियांव ब्लॉक के अतरडीहा गांव निवासी अनुज सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर भारत सरकार की प्रतिष्ठित कंपनी न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) में वैज्ञानिक अधिकारी के पद पर चयनित होकर जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
अनुज सिंह, अशोक कुमार सिंह के पुत्र हैं। उन्होंने बीटेक और एमटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद देश की प्रतिष्ठित GATE (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग) परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद एनपीसीआईएल की चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त करते हुए वैज्ञानिक अधिकारी के पद पर चयनित हुए।
अनुज की सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी। लोगों ने इसे गांव और जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अनुज ने बताया कि तकनीकी शिक्षा के दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी लगातार जारी रखी। कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर उन्होंने पहले GATE परीक्षा में सफलता हासिल की और फिर एनपीसीआईएल में वैज्ञानिक अधिकारी बनने का सपना साकार किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और अपनी मेहनत को दिया।
परमाणु ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी सरकारी कंपनी एनपीसीआईएल में वैज्ञानिक अधिकारी के रूप में अनुज सिंह का चयन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे अतरडीहा और आजमगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
