मंदिर और स्कूल के पास शराब ठेके का विरोध, लाठी लेकर महिलाओं ने लगाया जाम; प्रशासन से हटाने की मांग

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर बाजार के समीप ग्राम सभा रीवा में शुक्रवार को देसी शराब और ठंडी बीयर की कंपोजिट दुकान के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 50 महिलाओं ने शराब की दुकान के सामने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और गंभीरपुर–संजरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि जिस स्थान पर शराब की दुकान संचालित हो रही है, उसके बेहद करीब मंदिर और विद्यालय स्थित हैं। उनका आरोप था कि शराब खरीदने और पीने आने वाले लोग कई बार सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र व्यवहार करते हैं, जिससे महिलाओं, छात्राओं और छोटे बच्चों को रोजाना असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल और शिक्षण संस्थान के पास शराब की दुकान का संचालन सामाजिक वातावरण को भी प्रभावित कर रहा है।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि शराब की दुकान को आबादी, मंदिर और विद्यालय से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिल सके। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, यह देसी शराब एवं ठंडी बीयर की कंपोजिट दुकान ‘लुहसा मुबारकपुर’ के नाम से आवंटित है, लेकिन इसका संचालन ग्राम सभा रीवा में उस स्थान पर किया जा रहा है, जहां चक चकदेणवानी, रीवा और लुहसा मुबारकपुर गांवों की सीमाएं मिलती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 1998 से अलग-अलग अनुज्ञापियों द्वारा इसी भवन में शराब का ठेका संचालित किया जाता रहा है।
जाम की सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और लगभग एक घंटे बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
ग्राम प्रधान रीवा जितेंद्र सिंह ने भी मंदिर और विद्यालय के समीप संचालित शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को पहले भी प्रार्थना पत्र भेजे जा चुके हैं और ग्रामीणों की भावनाओं को देखते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में संजय यादव, अर्जुन सरोज, मीना, मंती, बबीता, अनीता, रीना, पिंकी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने बताया कि शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर कुछ महिलाएं एकत्र हुई थीं। सभी को समझा-बुझाकर शांतिपूर्वक वापस भेज दिया गया है। वर्तमान में मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *