बुर्का पहनकर क्लीनिक में घुसे बदमाशों ने तमंचा सटाकर छीना मोबाइल, लूट के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, अर्टिगा से पहुंचे थे दो आरोपी, पुलिस ने एक को दबोचा; .315 बोर तमंचा और कारतूस बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र के अंजानशहीद गांव स्थित क्लीनिक में बुर्का पहनकर पहुंचे दो आरोपियों द्वारा तमंचे के बल पर चिकित्सक से लूट का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर की रात करीब 8:50 बजे ग्राम अंजानशहीद स्थित चिकित्सक सूर्यनाथ मौर्य के क्लीनिक पर दो व्यक्ति अर्टिगा वाहन से पहुंचे थे। दोनों ने बुर्का पहन रखा था। आरोप है कि उन्होंने चिकित्सक को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनका मोबाइल छीन लिया। लूट का प्रयास किए जाने पर चिकित्सक ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में जीयनपुर थाने में चिकित्सक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को सफलता मिली।

उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ बुधवार को मुकदमे में वांछित समीर शेख (21) पुत्र मो. फैजान, निवासी ग्राम नुरूद्दीनपुर, थाना जीयनपुर को बख्खोपुर से सगड़ी की ओर आने वाली नहर के पास से दोपहर करीब 1:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान आरोपी के पास से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर जीयनपुर थाने में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी का चालान न्यायालय कर दिया गया।

आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार समीर शेख के खिलाफ जीयनपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 385/2026, धारा 309(4)/351(3) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 390/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा, कांस्टेबल अनिरुद्ध यादव, कांस्टेबल राजू यादव और कांस्टेबल अर्जुन प्रसाद, थाना जीयनपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *