6 साल से फरार ₹50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, फ्लिपकार्ट कार्यालय में 6.31 लाख की लूट का था आरोपी

Uncategorized

आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह साल से अधिक समय से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी अंतर्जनपदीय अपराधी राजू पथरकट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, राजू पथरकट पुत्र रामरतन उर्फ रामजतन, निवासी खाजो लोहहरिया, थाना धनघटा, संतकबीरनगर, वर्ष 2020 में करतालपुर स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में हुई ₹6,31,702 की लूट के मामले में वांछित था।
5 फरवरी 2020 को चार हथियारबंद बदमाश फ्लिपकार्ट कार्यालय में पहुंचे थे। बदमाशों ने कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर भयभीत किया और कैशियर से करीब 6.31 लाख रुपये नकद, सीसीटीवी का एनवीआर और इंटरनेट राउटर लूट लिया था। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
लंबे समय से फरार चल रहे राजू पर पहले एसएसपी आजमगढ़ ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने 8 अगस्त को इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी।
शनिवार को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय पुलिस टीम के साथ अपराधी की तलाश में जुटे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्राइवेट बस अड्डा स्थित बंधा रोड से दोपहर करीब 2:45 बजे राजू पथरकट को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2020 में फ्लिपकार्ट कार्यालय में लूट करने की बात स्वीकार की। उसने पुलिस से बचने के लिए नेपाल, चेन्नई और बेंगलुरु समेत कई स्थानों पर छिपकर रहने की जानकारी दी। पुलिस का दावा है कि लूट की रकम से उसने अवैध तमंचा और कारतूस खरीदे थे।
आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, कूटरचना, आर्म्स एक्ट और फरारी से संबंधित धाराओं में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। बरामद अवैध हथियार के संबंध में कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 425/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अभय कुमार सिंह, कांस्टेबल नित्यानन्द यादव, सुमित शर्मा, बसंत कुमार, हेड कांस्टेबल उमेश यादव, कांस्टेबल इन्द्रेश कुमार और दिनेश सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *