संदिग्ध परिस्थितियों में 48 वर्षीय युवक की मौत, सिर पर गंभीर चोट के निशान; सिर पर वार कर हत्या की तहरीर मिलने के बाद पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी रही

Uncategorized

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव से करीब 500 मीटर दूर चकरोड पर एक 48 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच हत्या और हादसे दोनों पहलुओं से कर रही है। CO फूलपुर किरण पाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है और इस संबंध में तहरीर दी है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि मृतक की पहचान प्रमोद कुमार गौड़ (48), पुत्र बलराम गौड़, निवासी बलईपुर गांव के रूप में हुई है। 14-15 अगस्त की रात किसी समय प्रमोद की मौत हुई होगी। सुबह गांव की कुछ महिलाएं शौच के लिए निकलीं तो बलईपुर से सलारपुर जाने वाले चकरोड पर शव पड़ा देखा। महिलाओं ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान प्रमोद के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के भाई अनूप कुमार गौड़ ने पवई थाने में तहरीर दी। सूचना पर थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर एसओजी टीम भी पहुंची और ग्रामीणों तथा परिजनों से पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस घटना को प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के एंगल से भी देख रही है। हालांकि अभी हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।
क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण सामने आएगा। उन्होंने कहा कि सिर में चोट लगी है और जांच की जा रही है कि चोट किसी व्यक्ति द्वारा हमला करने से लगी या गिरने के कारण आई। पुलिस मृतक के शराब पीने की बात भी जांच में शामिल कर रही है।
मृतक की पत्नी की वर्ष 2003 में मौत हो चुकी थी। उसके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन और पूछताछ में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *