
आजमगढ़ के मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के रसूलपुर तुंगी गांव में रविवार को शासन के निर्देश पर एसडीएम अविनाश कुमार गौतम की मौजूदगी में जीपीएस आधारित रोवर मशीन से खेत का सीमांकन कराया गया। सीमांकन की पूरी प्रक्रिया ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न हुई, जिसकी किसानों ने सराहना की।
राजस्व टीम ने ग्राम रसूलपुर तुंगी निवासी फूलचंद्र बिंद, रामफेर बिंद और राजेश बिंद के गाटा संख्या 316, रकबा 0.870 हेक्टेयर का सीमांकन कानूनगो शिवधारी और लेखपाल नितेश कुमार द्वारा जीपीएस रोवर मशीन से कराया।
एसडीएम अविनाश कुमार गौतम ने कहा कि रोवर जीपीएस मशीन से मौजूदा खतौनी के आधार पर खेत का एक-एक इंच सटीक रूप से चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश बोर्ड ऑफ रेवेन्यू की यह नई तकनीक खेतों की पैमाइश और सीमांकन संबंधी विवादों को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। अब जरीब की बजाय जीपीएस आधारित सटीक लोकेशन के माध्यम से सीमांकन किया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को सीमांकन पर कोई संदेह हो तो वह उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-24 के तहत दोबारा सीमांकन करा सकता है। किसानों को जीपीएस रोवर मशीन पर भरोसा करना चाहिए और अनावश्यक विवादों से बचना चाहिए।
इस दौरान नायब तहसीलदार अरुण कुमार कोल, कानूनगो बसन्तु राम, जुल्फेकार, लेखपाल नितेश कुमार, राजस्वकर्मी चंदन सिंह और पुष्पेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान बिंदुराम बिंद सहित दिलीप बिंद, अशोक जायसवाल, मोनू यादव, रामबली बिंद तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
