
आजमगढ़। लूट और छिनैती की कई वारदातों में वांछित 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को फूलपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में पकड़कर अस्पताल भेजा गया। उनके कब्जे से लूट का सामान, अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त केटीएम बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को फूलपुर-दुर्वाषा मार्ग पर ऑटो रिक्शा से जा रही एक महिला से असलहे के बल पर पर्स लूट लिया गया था। पर्स में मोबाइल फोन, मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, चांदी की पायल, नकदी और जरूरी दस्तावेज थे। इसी तरह 14 जून को सरायमीर क्षेत्र में भी एक महिला का पर्स छीन लिया गया था। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
गुरुवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटनाओं में शामिल दो बदमाश बिना नंबर प्लेट की केटीएम बाइक से मुड़ियार ईदगाह के पास मौजूद हैं और किसी नई वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश बाइक लेकर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पुलिस वाहन की हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गई। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान समीर (21) पुत्र अफसर निवासी सहजेरपुर तथा शिव कुमार राजभर उर्फ लाला (23) पुत्र ललई राजभर निवासी चकबहार, थाना फूलपुर के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ लूट, छिनैती और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पर एसएसपी द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 1577 रुपये नकद और केटीएम-250 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे केटीएम बाइक की तेज रफ्तार का फायदा उठाकर महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाते थे। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर डराते और वारदात के बाद फरार हो जाते थे। उन्होंने फूलपुर, सरायमीर, माहुल, पवई समेत कई क्षेत्रों में मोबाइल और पर्स छिनैती की घटनाओं में शामिल होने की बात भी कबूल की है।
पुलिस अन्य वारदातों और संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
