
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नरहन खास गांव में रविवार को धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना निवासी पादरी सोनू कुमार समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि धर्म परिवर्तन की सूचना पर करीब 50 की संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं और वहां मौजूद लोगों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और पादरी समेत अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मौके से आधा दर्जन से अधिक महिलाओं को भी हिरासत में लिया है। इनमें कई महिलाएं मऊ समेत अन्य जिलों की निवासी बताई जा रही हैं। इसके अलावा तीन पुरुषों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
आरोप है कि झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को बरगलाया जा रहा था। साथ ही पैसे का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मौके पर 100 से अधिक महिला-पुरुषों को प्रभावित करने का प्रयास किए जाने की बात सामने आ रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस को मौके से एक गवाह मिलने की भी बात सामने आई है। बजरंग दल की ओर से पुलिस को तहरीर देने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
