
फूलपुर। बारिश के कारण पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। कुछ देर बाद उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर गड्ढे में पड़े रामनाथ यादव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भतीजे संजय यादव पुत्र शोभनाथ यादव ने पुलिस को घटना के संबंध में लिखित तहरीर दी है। परिजनों के अनुसार, रामनाथ यादव के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। परिवार के कुछ सदस्य और मृतक की बेटी दिल्ली में रहते हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद वे गुरुवार को गांव पहुंचे। स्वजनों के पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर गड्ढों में पानी भर गया है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने ऐसे स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है।
