गिरफ्तारी के बाद खुलने लगीं परतें, शोभनाथ सेठ के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज

Uncategorized

आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 7.50 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र के गोइचा गांव निवासी आकाश पाण्डेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि तलूपुर निवासी इन्द्रभूषण सोनी ने उन्हें अहरौला कस्बे में जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद इन्द्रभूषण उन्हें अपने घर ले गया, जहां उसकी मुलाकात शोभनाथ सेठ और सुधीर सेठ से कराई गई। आरोप है कि तीनों ने जमीन दिखाकर उसकी कीमत 7.50 लाख रुपये तय की और विश्वास में लेकर अलग-अलग तिथियों में बैंक खातों के माध्यम से पूरी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा ली।
पीड़ित का कहना है कि रुपये लेने के बाद आरोपित उसे तहसील ले गए, लेकिन काफी देर तक इंतजार कराने के बाद न तो बैनामा कराया और न ही जमीन की रजिस्ट्री कराई। जब उसने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपित लगातार टालमटोल करते रहे। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि बाद में रुपये मांगने पर आरोपितों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इसी शोभनाथ सेठ को पूर्व में जमीन विवाद से जुड़े एक अन्य मामले में पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब एक बार फिर जमीन के नाम पर 7.50 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में उनके खिलाफ अहरौला थाने में नया मुकदमा दर्ज होने से मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *