
आजमगढ़। शहर के कोर्ट किला रोड स्थित नाला धर्मू मोहल्ले में सोमवार सुबह करीब पांच बजे महताब आलम के घर के बेसमेंट में अचानक भीषण आग लग गई। बेसमेंट में शादी समारोह के लिए रखा दहेज और अन्य सामान आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया। हादसे के समय घर में आज होने वाले वलीमा की तैयारियां चल रही थीं।
बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण बेसमेंट में आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे बेसमेंट से धुएं का गुबार उठने लगा। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना पर दमकल की करीब पांच से छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बेसमेंट में बड़ी मात्रा में शादी का सामान रखा होने के कारण आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की मेहनत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।
परिजनों के अनुसार, सोमवार को घर में वलीमा का आयोजन होना था और इसकी तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच बेसमेंट में आग लगने से शादी के लिए रखा सामान जल गया। हादसे में कितने का नुकसान हुआ है, इसका फिलहाल आकलन नहीं हो सका है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
