एएमयू के मानद सचिव मोहम्मद हमदान का आजमगढ़ पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य सम्मान, पूर्व छात्र की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार गौरवान्वित

Uncategorized

आजमगढ़। रानी की सराय क्षेत्र के कोटिला चेक पोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल में मंगलवार को विद्यालय के पूर्व छात्र एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के मानद सचिव मोहम्मद हमदान के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मोहम्मद हमदान ने कक्षा छह से 12वीं तक की शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की थी। उन्होंने जेईई मेन में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया। अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर वर्तमान में वह एएमयू में मानद सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
समारोह में विद्यालय प्रबंधक मोहम्मद नोमान ने कहा कि विद्यालय के पूर्व छात्र का इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंचना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।
डॉ. शफीउज्जमां ने कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और निरंतर प्रयास सफलता की मजबूत नींव हैं। मोहम्मद हमदान की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी सफलता से सीख लेने की अपील की।
इस अवसर पर मोहम्मद हमदान ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को देते हुए सभी के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या रूपल पांड्या, उप-प्रधानाचार्या रूना खान सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। अंत में प्रधानाचार्या ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *