
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अरांव गुलजार नहर के पास मंगलवार सुबह बोलेरो और अपाचे बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गई। संयोग रहा कि बाइक सवार दोनों लोग हादसे में घायल होने के बावजूद अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मुखलिसपुर निवासी हरिराम प्रजापति अपने पुत्र प्रिंस प्रजापति के साथ अपाचे बाइक से महाराजगंज स्थित प्रसिद्ध भैरव बाबा मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान अरांव गुलजार नहर के पास सामने से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बाइक में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी बाइक जलकर नष्ट हो गई।
बताया जा रहा है कि अपाचे बाइक धनतेरस के अवसर पर ही खरीदी गई थी। नई बाइक होने के कारण उस पर अभी नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। नई नवेली बाइक के इस तरह जलकर राख हो जाने से परिवार को भारी नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। हालांकि, उसके फरार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना पर कप्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों और बोलेरो की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
