
आजमगढ़। विकास खंड कोयलसा की ग्राम पंचायत कटोही में मंगलवार को उचित दर विक्रेता (कोटेदार) के चयन के लिए आयोजित खुली बैठक गहमागहमी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव में दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें लालिमा यादव को 372 और सोनी तिवारी को 329 लोगों का समर्थन मिला। अधिक समर्थन मिलने के आधार पर लालिमा यादव के पक्ष में कोटेदार चयन का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया।
प्राथमिक विद्यालय खदेरू पट्टी में आयोजित खुली बैठक में सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी थी। प्रत्याशी सोनी तिवारी पत्नी सत्येंद्र और लालिमा यादव पत्नी सुरेंद्र के बीच मुकाबला हुआ। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बूढ़नपुर सर्किल के चार थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही।
चुनाव अधिकारी के रूप में खंड विकास अधिकारी कोयलसा रामसागर सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव सुबोध चंद और एडीओ एजी मंडलेश राव मौजूद रहे। करीब तीन घंटे तक चली बैठक के बाद समर्थन की गणना की गई, जिसमें लालिमा यादव को 372 और सोनी तिवारी को 329 लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ।
गौरतलब है कि कटोही ग्राम पंचायत में कोटेदार चयन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। बीते 12 सितंबर को आयोजित चुनाव प्रक्रिया विवाद के चलते स्थगित कर दी गई थी। इसी को देखते हुए मंगलवार को प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा था।
खंड विकास अधिकारी रामसागर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से उन्हें चुनाव के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया गया था। ग्राम प्रशासक की अध्यक्षता में खुली बैठक कराई गई। अधिक समर्थन मिलने के आधार पर लालिमा यादव के पक्ष में उचित दर विक्रेता चयन का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस दौरान सचिव सभा राम वर्मा, ग्राम प्रशासक कविता मौर्य, बीएमएम राजेश, अतरौलिया थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
