
आजमगढ़। बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला को विश्वास में लेने और फिर उसके कानों से झुमके छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना जौनपुर जिले के केराकत तहसील की बताई जा रही है। केराकत थाने में सुनवाई न होने पर पीड़िता के बेटे ने देवगांव कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मेहनगर थाना क्षेत्र के जियासड़ गांव निवासी दुर्गावती सिंह कुछ दिन पहले दवा लेने लालगंज तहसील गई थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। आरोप है कि उसने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उनके बेटे को नौकरी दिलवा सकता है। नौकरी की बात पर महिला उसके झांसे में आ गईं।
आरोप है कि व्यक्ति महिला को अपने साथ जौनपुर जिले की केराकत तहसील ले गया। वहां उसने महिला से कान में पहने जेवर उतारने के लिए कहा। महिला ने जब जेवर देने से इनकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर झपट्टा मारकर उनके कानों से झुमके निकाल लिए और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद महिला ने परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर उनका पुत्र अमित सिंह मौके पर पहुंचा और मां को साथ लेकर केराकत थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। आरोप है कि वहां सुनवाई नहीं होने पर उसने देवगांव कोतवाली में तहरीर दी।
देवगांव पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक/निरीक्षक रविंद्र नाथ पांडेय को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की पहचान करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
