तमसा नदी में मासूम को लेकर कूदी विवाहिता, तीन माह के बेटे की मौत

Uncategorized

आजमगढ़: जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 22 वर्षीय विवाहिता ने अपने तीन माह के मासूम बेटे को गोद में लेकर तमसा नदी में छलांग लगा दी। हादसे में मासूम की डूबने से मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों ने महिला को करीब तीन किलोमीटर दूर पनशब्दा गांव के पास नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। रामपुर निवासी नरसिंह यादव की बेटी सीमा अपने तीन माह के बेटे प्रत्यांश के साथ घर से निकली थी। कुछ देर बाद उसने बच्चे को गोद में लेकर तमसा नदी में छलांग लगा दी। दोनों को नदी में डूबता देख ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद महिला को पनशब्दा गांव के पास नदी से बाहर निकाल लिया गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के मुताबिक, सीमा की शादी करीब दो वर्ष पहले ऐनपुर गांव निवासी अमरनाथ यादव से हुई थी। वह पिछले करीब दो माह से अपने मायके में रह रही थी। उसके पिता ने बताया कि करीब तीन माह पहले सीमा को मस्तिष्क ज्वर हुआ था। बीमारी के बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजनों ने आशंका जताई कि मानसिक अस्वस्थता के चलते उसने यह कदम उठाया।
सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *