
अजमतगढ़। अजमतगढ़ इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित के अध्यापकों की कमी को लेकर सोमवार को छात्र-छात्राओं ने करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में पिछले करीब 26 वर्षों से रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान के नियमित अध्यापक नहीं हैं, जबकि पिछले कुछ वर्षों से गणित विषय के अध्यापक की भी कमी बनी हुई है। छात्रों का कहना है कि अध्यापकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनका भविष्य अधर में है। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है तथा शिक्षक समय से विद्यालय नहीं आते और नियमित रूप से शिक्षण कार्य नहीं कराते। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि निजी अध्यापक की व्यवस्था के नाम पर उनसे 50-50 रुपये लिए जा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि जब वे सरकारी विद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं तो निजी शिक्षकों के लिए अलग से शुल्क क्यों दें। प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं ने कहा कि अधिकांश विद्यार्थी गरीब परिवारों से आते हैं और उनके परिवारों के पास अतिरिक्त शुल्क देने की क्षमता नहीं है। छात्रों ने विद्यालय में संबंधित विषयों के नियमित अध्यापकों की नियुक्ति करने तथा शिक्षण व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
