
आजमगढ़/बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक समेत 27 यात्री घायल हो गए। आजमगढ़ से लखनऊ जा रही रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री नींद में थे, जबकि कुछ यात्री टक्कर के बाद घबराकर बस से बाहर निकलने का प्रयास करने लगे।
हादसा रात करीब 1:30 बजे बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 56.7 के पास हुआ। बताया गया कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ यूपीडा की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया गया।
छह घायलों की हालत गंभीर
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। हादसे में घायल 27 यात्रियों में से छह की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज, तिलोई रेफर किया गया, जबकि 16 घायलों का सीएचसी में प्राथमिक उपचार किया गया। 11 यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं। उपचार और जांच के बाद उन्हें दवा देकर घर भेज दिया गया।
गंभीर घायलों में बस चालक संजय सिंह (56) निवासी रामपुर, आजमगढ़, जयप्रकाश (35), बृजेश राय (49), सीमा अस्थाना (42), श्वेता पांडे (46) और कार्तिक राजभर (25) शामिल हैं। हादसे में जगदंबा गुप्ता (35), उनकी पत्नी विनीता गुप्ता (32), काशीनाथ यादव (35), किशन कुमार (29), समेत कई अन्य यात्री भी घायल हुए हैं।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
रात का समय होने के कारण अधिकांश यात्री बस में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ बस ट्रक से टकराई तो यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के झटके से कई यात्री अपनी सीटों से गिर पड़े। कुछ यात्रियों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मियों और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सुरक्षा टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
चालक को झपकी आने से हादसे का आरोप
हादसे के पीछे बस चालक को झपकी आने की बात सामने आ रही है। यात्री दिलशाद ने बताया कि हादसे के समय वह जाग रहा था। उसके अनुसार चालक को संभवत: झपकी आने के कारण बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह भी देखा जा रहा है कि बस की गति कितनी थी और चालक कितनी देर से लगातार बस चला रहा था।
सऊदी जाने वाली थी आफरीन, हादसे ने बढ़ाई चिंता
हादसे में घायल आफरीन बानो के लिए यह हादसा बेहद चिंता और परेशानी भरा रहा। बताया गया कि रविवार सुबह करीब 9:05 बजे लखनऊ से उनकी सऊदी अरब के लिए उड़ान थी। वह पहली बार अपने पति मोहम्मद हुसैन के पास सऊदी अरब जा रही थीं।
हादसे में आफरीन के सिर में हल्की चोट आई। अस्पताल में उपचार के दौरान वह बार-बार यही पूछती रहीं कि वह समय पर अपने पति के पास पहुंच पाएंगी या नहीं। हादसे के बाद उनकी यात्रा और फ्लाइट को लेकर परिवार के लोग भी परेशान रहे।
बाल-बाल बचे कई यात्री
बस में करीब 50 यात्रियों के सवार होने की वजह से हादसा बड़ा रूप ले सकता था। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है। हालांकि 27 यात्रियों के घायल होने से कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस और यूपीडा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे गंभीर घायलों को समय पर उपचार मिल सका। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त बस व ट्रक को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था बहाल करा दी गई है।
