
आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के नत्थूपुर अंजान स्थित शहीद पार्क में रविवार को कारगिल शहीद रामसमुझ यादव की स्मृति में 26वां कारगिल शहीद मेला एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीपी मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शहीद पार्क में स्थापित रामसमुझ यादव के विशाल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शहीदों के अदम्य साहस एवं बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में पूर्वांचल के 35 शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया। छात्रों और कलाकारों ने देशभक्ति गीत, नाटक और कारगिल युद्ध पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। अतिथियों को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
भारतीय सेना हर चुनौती का सामना करने में सक्षम : जनरल वीपी मलिक
पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीपी मलिक ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों में जो जज्बा, साहस और देश के लिए समर्पण है, वह दुनिया की किसी अन्य सेना में देखने को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों का मनोबल ऊंचा है और सेना देश की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम है।
उन्होंने 3 कुमाऊं रेजिमेंट की वीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस रेजिमेंट ने 1962 के युद्ध में चीन को अपनी ताकत का एहसास कराया था। कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि विषम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया।
जनरल मलिक ने कहा कि शहीदों की स्मृति में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी में सेना, राष्ट्र और तिरंगे के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना को मजबूत करने का काम करते हैं।
रामसमुझ यादव की स्मृति में बनेगा भव्य स्मारक : धर्मेंद्र यादव
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं सांसद धर्मेंद्र यादव ने कारगिल शहीद रामसमुझ यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश अपने वीर सपूतों की शहादत को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि रामसमुझ यादव ने चार डिग्री बुखार के बावजूद देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस दिखाया और दुश्मन के सैनिकों से मुकाबला करते हुए महत्वपूर्ण चोटी पर कब्जा किया था।
सांसद ने शहीद पार्क में रामसमुझ यादव की स्मृति में भव्य स्मारक बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा और युवाओं को देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों की गाथा से परिचित कराएगा।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि देश के करोड़ों नागरिक आज जिस सुरक्षित माहौल में जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे सीमा पर तैनात जवानों और शहीद परिवारों का त्याग एवं बलिदान है। शहीदों की कुर्बानी के कारण ही देश का तिरंगा पूरी शान से लहरा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस स्थान को ऐतिहासिक शहीद स्मारक के रूप में विकसित किया जाएगा।
अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
सांसद धर्मेंद्र यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल चार साल के लिए सैनिक के रूप में सेवा का अवसर मिलने के बाद उनके भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को समाप्त करने का निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था की मांग का भी समर्थन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, शहीद परिवारों के सदस्य, पूर्व सैनिक, छात्र, कलाकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शहीद मेले के दौरान वीर जवानों की शहादत को नमन करते हुए लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
