
आजमगढ़। बरदह थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और शादी कर शारीरिक संबंध बनाने के मामले में वांछित 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को गैर प्रांत गुजरात से सकुशल बरामद करने के बाद आरोपी को आजमगढ़ के जिवली तिराहे के पास पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को बरदह थाना क्षेत्र की एक नाबालिग के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में मु0अ0सं0 207/2026, धारा 137(2) और 87 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान आरोपी का नाम सामने आने पर मुकदमे में धारा 61(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। 26 अगस्त को उपनिरीक्षक शीतला प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम गुजरात पहुंची और नाबालिग की तलाश शुरू की। पुलिस ने प्राप्त लोकेशन और अन्य सूचनाओं के आधार पर लगातार निगरानी करते हुए उसकी तलाश की।
इसी क्रम में 30 अगस्त को जिवली तिराहे के पास पुलिस टीम ने आरोपी रवि कुमार गौतम (19) पुत्र बिन्दलाल, निवासी ग्राम मुचरा, थाना फूलपुर, आजमगढ़ को नाबालिग के साथ पकड़ लिया। पुलिस को देखकर आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को करीब 11:55 बजे गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना बरदह में दर्ज मुकदमे में धारा 87, 137(2), 61(1) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शीतला प्रसाद कुशवाहा, कांस्टेबल त्रिलोकनाथ पाण्डेय और महिला आरक्षी स्वाती शामिल रहीं।
