
आजमगढ़। प्रख्यात अभिनेत्री शबाना आजमी अपने पैतृक गांव मेजवां में तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मंगलवार को कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर और सिलाई सेंटर पहुंचीं। सेंटर पर काम कर रहीं महिलाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान शबाना आजमी ने कामगार महिलाओं से बातचीत कर उनके कामकाज और कार्य के दौरान आने वाली परेशानियों की जानकारी ली।अभिनेत्री ने महिलाओं से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए भरोसा दिलाया कि उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं के काम की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और कहा कि चिकनकारी से जुड़ी महिलाएं बेहतर कार्य कर रही हैं।शबाना आजमी ने कहा कि मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के प्रयास से क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं को काम मिलने से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है और चिकनकारी के हुनर को भी आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।फैशन शो के परिधानों की ली जानकारीनिरीक्षण के दौरान शबाना आजमी ने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले फैशन शो को लेकर तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने सेंटर पर तैयार किए जा रहे उन परिधानों को देखा, जिन्हें फैशन शो में रैंप पर चलने वाले मॉडलों के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने परिधानों की कारीगरी और डिजाइन के बारे में कामगार महिलाओं से बारीकी से जानकारी ली।इस दौरान उनके निर्देशन में सेंटर पर काम कर रही महिलाओं की शूटिंग भी की गई। अभिनेत्री ने महिलाओं के कार्य को करीब से देखा और उनके हुनर की सराहना की।शबाना आजमी के सेंटर पहुंचने से कामगार महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया। महिलाओं ने उनके साथ बातचीत को अपने लिए प्रोत्साहन का अवसर बताया।कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर के उप प्रबंधक मनोज प्रजापति ने बताया कि अभिनेत्री शबाना आजमी मंगलवार को अपने पैतृक गांव मेजवां से मुंबई के लिए रवाना हो गईं।
