नाली के विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या का आरोप, नवजात बेटे के जन्म के अगले दिन उजड़ा परिवार, पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी

Uncategorized

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकिया बखरिया में शुक्रवार की सुबह नाली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 30 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चकिया बखरिया निवासी हरिओम पांडेय (30) पुत्र वीरेंद्र पांडेय का पड़ोसी रामलाल शर्मा से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान हरिओम का गला दबा दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए।
परिजन आनन-फानन में हरिओम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
एक दिन पहले गूंजी थी किलकारी, अगले दिन छाया मातम
सबसे दर्दनाक बात यह है कि हरिओम के घर में घटना से ठीक एक दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। बताया गया कि हरिओम की पत्नी रंजना ने वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए पुत्र को जन्म दिया था। नवजात के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन अगले ही दिन युवक की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक के पहले से दो पुत्र बताए जा रहे हैं। नवजात के जन्म के बाद परिवार में आई खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस मारपीट और युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *