
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा कला पुलिया के पास बोलेरो में टक्कर लगने के बाद हुए विवाद में एक बुजुर्ग को मिनी ट्रक से कुचलकर मौत के घाट उतारने के आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मिनी ट्रक भी बरामद कर लिया है। आरोपी की पहचान पंकज कुमार उर्फ साधू (24) निवासी खरगीपुर, थाना बरदह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर बसवत निवासी उदय राज यादव अपने परिजनों के साथ बोलेरो से रिश्तेदारी में जा रहे थे। रास्ते में लसड़ा कला पुलिया के पास सामने से आ रहे मिनी ट्रक संख्या UP50ET9249 ने उनकी बोलेरो में टक्कर मार दी। इसके बाद उदय राज और उनके पिता साहबराज यादव ने ट्रक चालक को रोककर टक्कर के संबंध में पूछताछ की।
आरोप है कि इस दौरान चालक ने ट्रक से कुचलने की धमकी दी और उनके ऊपर मिनी ट्रक चढ़ा दिया। इस घटना में साहबराज यादव (60) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने उदय राज की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। मंगलवार को थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस राजागंज बाजार के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जौनपुर की तरफ जा रहे मिनी ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम पंकज कुमार उर्फ साधू बताया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन की पहचान होने के बाद उसे दोपहर करीब 2:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने ईंट लाल रंग का टाटा गुड्स कैरियर मिनी ट्रक कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में भी मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
