
आजमगढ़। अंतर्राष्ट्रीय इंटरनेट कॉलिंग के जरिए टेलीकॉम राजस्व में धोखाधड़ी करने के मामले में सरायमीर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16 मोबाइल फोन, डेल कंपनी का लैपटॉप, तीन खुले सिम कार्ड और 4,690 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संजरपुर बाजार से करीब 200 मीटर आगे पोखरे के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। तलाशी के दौरान उनके पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड और नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मो. ताबिश पुत्र जोरार अहमद निवासी खुदादादपुर, थाना निजामाबाद और सलीम अहमद पुत्र जावेद अख्तर निवासी खरेवां, थाना सरायमीर के रूप में हुई।
पुलिस का दावा है कि दोनों अपने साथी जीशान पुत्र मोबीन निवासी महाजनी टोला, सरायमीर के साथ मिलकर International Premium Rate Numbers (IPRN) पर VoIP के जरिए अंतर्राष्ट्रीय कॉल करते और करवाते थे। विभिन्न नंबरों से कॉल कनेक्ट कर उन्हें अधिक समय तक सक्रिय रखा जाता था, जिससे प्रति मिनट के हिसाब से राजस्व उत्पन्न होता था और आरोपियों को उसमें कमीशन मिलता था।
पूछताछ के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन और लैपटॉप में BESTIPRN.COM और ESSARTELECOM.NET से संबंधित लॉगिन आईडी और पासवर्ड मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, इनका इस्तेमाल कॉल रूटिंग और कॉल बाईपास के लिए किया जाता था। आरोपियों ने रकम के बंटवारे के साथ कई बार USDT/क्रिप्टो करेंसी के जरिए लेनदेन किए जाने की जानकारी भी दी है।
सरायमीर थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा संख्या 247/2026 में धारा 318(4), 319, 111, 317(2) बीएनएस और 66C/66D आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में फरार बताए जा रहे साथी जीशान की भूमिका की भी जांच कर रही है।
