धान के खेत में पानी में पड़ा मिला युवक का शव, गुजरात से 10 दिन पहले आया था घर

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के बीकापुर गांव निवासी 42 वर्षीय पंकज राय पुत्र विजय बहादुर राय का शव बुधवार की देर शाम करीब पांच बजे उसरी खुर्मपुर गांव में धान के खेत में पानी के अंदर मुंह के बल पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पंकज राय के परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के भाई नीरज राय की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि पंकज राय करीब 10 दिन पहले गुजरात से अपने घर आए थे। बुधवार को वह घर से गुजरात जाने के लिए रेलवे का टिकट लेने बक्सपुर बाजार गए थे। परिजनों के अनुसार, उन्होंने पूरे दिन बातचीत भी की थी। इसके बाद अचानक उनका शव खेत में मिलने से परिवार के लोग स्तब्ध हैं।
पंकज राय दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी रेनू राय, 15 वर्षीय पुत्र प्रयाग राय और पुत्री गुड़िया राय हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी रेनू राय, मां सुशीला राय समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *