घाघरा नदी की बाढ़ में संपर्क मार्ग पर पाइप पुलिया में फंसा युवक का पैर, एक घंटे तक चला रेस्क्यू, छेनी-हथौड़ी से पुलिया काटकर युवक को निकाला गया बाहर, सकुशल घर पहुंचा

Uncategorized

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाके में गुरुवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमुवारी-सोनौरा संपर्क मार्ग पर ह्यूम पाइप से बनी पुलिया को पार करते समय एक युवक का पैर दो पाइपों के बीच फंस गया। पैर घुटने तक फंसने के कारण युवक करीब एक घंटे तक पुलिया में फंसा रहा। ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सकुशल बाहर निकाला जा सका।
जानकारी के अनुसार, रौनापार पश्चिम पट्टी निवासी सूरज कुमार (25) गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे अपने दोस्त विवेक कुमार को सोनौरा छोड़ने के लिए जमुवारी-सोनौरा संपर्क मार्ग से जा रहा था। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में ह्यूम पाइप से बनी पुलिया पार करते समय अचानक उसका पैर पाइपों के बीच बने गैप में फंस गया। पैर घुटने तक फंस जाने से युवक दर्द और परेशानी से कराहने लगा तथा मदद के लिए शोर मचाया।
युवक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपने स्तर से पैर निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन पाइपों के बीच पैर बुरी तरह फंस जाने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल रौनापार पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे, उपनिरीक्षक मधुसूदन मिश्र और राजस्व निरीक्षक श्यामसुंदर यादव पुलिस एवं राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।
समाजसेवी प्रदीप सहाय और ग्रामीणों के सहयोग से छेनी-हथौड़ी की मदद से पुलिया को काटने का काम शुरू किया गया। काफी सावधानी और मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में पाइपों के बीच फंसे युवक के पैर को बाहर निकाल लिया गया।
पैर बाहर निकलते ही सूरज ने राहत की सांस ली। रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि युवक का पैर पुलिया के पाइपों के बीच फंस गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। युवक पूरी तरह सकुशल है और उसे उसके घर पहुंचा दिया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *