हरियाणा में करंट की चपेट में आने से आजमगढ़ के युवक की मौत, घर पहुंचा शव तो मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के बड़ागांव निवासी विजय प्रताप यादव (28) की हरियाणा में करंट लगने से मौत हो गई। रविवार की सुबह करीब 10 बजे एंबुलेंस से शव गांव स्थित घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया, वहीं घटना की जानकारी के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विजय प्रताप यादव पुत्र जगमोहन यादव हरियाणा के बहादुरगढ़ सेक्टर-17 स्थित एशियन फुटवियर कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि गुरुवार की रात करीब 12:30 बजे कंपनी में काम करने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद साथियों ने उन्हें तत्काल नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
रविवार की सुबह एंबुलेंस से विजय प्रताप का शव बड़ागांव स्थित घर पहुंचा तो पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विजय परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे। उनके पिता जगमोहन यादव की तबीयत भी खराब रहती है। परिवार में पत्नी के अलावा पांच वर्ष का एक बेटा और छोटी बेटी है। कम उम्र में परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों ने बताया कि विजय परिवार के भरण-पोषण के लिए हरियाणा में रहकर मेहनत करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घर में शव पहुंचते ही बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण पहुंच गए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
रविवार को दत्तात्रेय धाम स्थित तमसा-कुंवर नदी के संगम तट पर गमगीन माहौल में विजय प्रताप यादव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें नम रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *