
आजमगढ़। आजमगढ़-जौनपुर सीमा के पास चंदवक थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात आजमगढ़ से वाराणसी जा रही एक बस निर्माणाधीन फोरलेन की पुलिया में जा घुसी। हादसे में बस सवार 13 यात्री घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज रविवार को सामने आया।
हादसा शनिवार रात करीब 4:05 बजे बरडीहा मोड़ स्थित रघुवंशी होटल के सामने हुआ। बताया गया कि आजमगढ़ से वाराणसी जा रही बस बरडीहा मोड़ के पास निर्माणाधीन फोरलेन की पुलिया के करीब पहुंची थी। इसी दौरान अचानक बस अनियंत्रित हो गई और पुलिया में जा घुसी। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया और सभी को उपचार के लिए संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया।
हादसे में महेश यादव, शिवपूजन निषाद, रीता, परमा देवी, राम बच्चन और रामप्यारे गंभीर रूप से घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
वहीं गुड्डी यादव, गुड़िया यादव, सोनम यादव, सुदामा यादव, बस चालक राम मिलन यादव, सुक्खू यादव और मंगल यादव का संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज में उपचार चल रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
बस के पुलिया में घुसने की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सामने आए फुटेज में निर्माणाधीन फोरलेन के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया में जाती दिखाई दे रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उसी स्थान पर सुबह गड्ढे में पलटी कार
जिस स्थान पर शनिवार रात बस हादसे का शिकार हुई, वहीं रविवार सुबह करीब 5:03 बजे एक कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई। लगातार दो हादसों के बाद निर्माणाधीन फोरलेन पर सुरक्षा व्यवस्था और सड़क संकेतों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
