
आजमगढ़। करतारपुर बाईपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में बुधवार को सत्र 2026-27 की इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नई विद्यार्थी परिषद को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई और नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं विद्यालय के मूल्यों के प्रति समर्पित रहने की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, विद्यालय गीत और सम्मान समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि नेतृत्व किसी पद या बैज से नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी और उत्कृष्ट आचरण से सिद्ध होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कार्यों के माध्यम से दूसरों के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।
विद्यालय के मैनेजर गौरव अग्रवाल ने कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ अपने साथियों को साथ लेकर आगे बढ़ना है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से ईमानदारी, निष्ठा और टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।
कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने कहा कि इन्वेस्टिचर सेरेमनी केवल पद प्रदान करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को स्वीकार करने का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय की गरिमा और संस्कारों को अपने व्यवहार में उतारने का संदेश दिया।
प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कूटे ने प्रेरणादायी संबोधन में स्टायरोफोम कप और सिरेमिक कप का उदाहरण देते हुए बताया कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके आचरण और कार्यों से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पद की गरिमा बनाए रखते हुए विनम्रता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सीख दी।
समारोह के दौरान विभिन्न सदनों के प्रिफेक्ट्स, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, मीडिया टीम, असेंबली हेड्स, सांस्कृतिक एवं खेल विभाग के प्रमुखों, वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, हेड बॉय और हेड गर्ल को बैज एवं सैश पहनाकर दायित्व सौंपे गए। सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय के नियमों, अनुशासन और मूल्यों का पालन करते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।
समारोह का सबसे भावनात्मक क्षण ‘टॉर्च रिले—कैरीइंग द लिगेसी’ रहा, जिसने विद्यालय की परंपराओं और नेतृत्व की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया। अंत में हेड बॉय एवं हेड गर्ल ने सभी अतिथियों, प्रबंधन और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय गान की वाद्य प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि नई विद्यार्थी परिषद अपने समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक नेतृत्व से विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
