भाकपा 26 से 28 अक्टूबर तक करेगी प्रदर्शन, देवारा में बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए सर्वदलीय सभा, निजामाबाद में जिला मंत्रिपरिषद और कार्यकारिणी की बैठक में राजनीतिक हालात पर चर्चा, दिवाली पर दीप नहीं जलाने का प्रस्ताव बहुमत से पारित

Uncategorized

आजमगढ़। निजामाबाद तहसील स्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला कैंप कार्यालय पर रविवार को जिला मंत्रिपरिषद और जिला कार्यकारिणी की बैठक बालेदीन यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला, प्रदेश और देश की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करने के साथ आगामी आंदोलनों की रूपरेखा तय की गई।

बैठक में भाकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य हामिद अली एडवोकेट ने कहा कि पार्टी दिल्ली में एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर वामपंथी सहयोगी दलों के साथ आंदोलन कर रही है। इसी क्रम में 26 से 28 अक्टूबर तक तहसील और जिला स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे।

भाकपा जिला सचिव जितेंद्र हरि पांडेय ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अक्टूबर को फूलपुर तहसील पर बुढ़नपुर और मार्टिनगंज के पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। 27 अक्टूबर को लालगंज तहसील में आंदोलन होगा, जबकि 28 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर सगड़ी, सदर, मेंहनगर और निजामाबाद तहसील के कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे।

बैठक में सगड़ी तहसील के देवारा क्षेत्र में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी उठाई गई। इसके लिए नवंबर में भाकपा की ओर से देवारा क्षेत्र में सर्वदलीय सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सगड़ी तहसील से आए पार्टी नेताओं ने प्रस्ताव रखा कि बाढ़ और सूखे से परेशान किसान व मजदूर दिवाली पर अपने घरों में दीप नहीं जलाएंगे। इस प्रस्ताव को बहुमत से पारित किया गया। बाढ़ की समस्या पर चर्चा के लिए 25 अक्टूबर को हरैया में सगड़ी तहसील के कार्यकर्ताओं की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

किसान नेता इम्तेयाज बेग ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अभियान के तहत सात नवंबर को आजमगढ़ में अक्टूबर क्रांति दिवस मनाया जाएगा। इसके अलावा एक, दो और तीन दिसंबर को प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन की तैयारी के लिए किसान और मजदूर संगठनों की ओर से ब्लॉक स्तर पर बैठकें और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।

बैठक में हामिद अली, जितेंद्र हरि पांडेय, इम्तेयाज बेग, रामाज्ञा यादव, गंगादीन, मंगलदेव, मोहम्मद शेख ओबैदुल्ला, श्यामा प्रसाद, हरिगेन राम, जियालाल, उर्मिला, गुलाब मौर्य, अरुण राय और चंद्रमोहन सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *