ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, काम की तलाश में पत्नी-बच्चों को लेकर गया था दूसरे जिले, हादसे में बुझ गया परिवार का इकलौता सहारा; पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

Uncategorized

आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मधुबन गांव निवासी एक मजदूर की सोमवार सुबह जौनपुर जिले के सरायख्वाजा बाजार के पास ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 32 वर्षीय श्रवण मद्धेशिया पुत्र स्वर्गीय अच्छे लाल मद्धेशिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार, श्रवण मद्धेशिया मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। दो भाइयों में श्रवण छोटा था और परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था। उसका बड़ा भाई मुंबई में रहता है। आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने और काम की तलाश में श्रवण दो दिन पहले ही अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को लेकर जौनपुर जिले के सरायख्वाजा गया था।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह श्रवण बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान सरायख्वाजा बाजार के पास वह ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची सरायख्वाजा थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
श्रवण की मौत से पत्नी के सामने दो मासूम बच्चों के पालन-पोषण की चिंता खड़ी हो गई है। पति को खोने के गम में पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। घटना की खबर मधुबन गांव पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों और ग्रामीणों को इस दर्दनाक हादसे से गहरा सदमा लगा है।
आजमगढ़ पटवध से बबलू राय की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *