सीमांकन के दौरान नायब तहसीलदार से अभद्रता और मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने वाला युवक गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खालिसपुर में न्यायालय के आदेश पर चल रहे जमीन सीमांकन कार्य के दौरान नायब तहसीलदार और राजस्व टीम से अभद्रता तथा मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और हाथापाई करने का गंभीर आरोप है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 06 मई 2026 को नायब तहसीलदार सगड़ी आदर्श सिंह राजस्व टीम एवं पुलिस बल के साथ ग्राम खालिसपुर स्थित गाटा संख्या 708 पर न्यायालय के आदेशानुसार सीमांकन कार्य कराने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव निवासी गयासुद्दीन खान और उसका भांजा मौके पर पहुंच गए और सीमांकन कार्य का विरोध करने लगे। आरोप है कि दोनों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और हाथापाई की तथा मारपीट भी की।
घटना के बाद थाना जीयनपुर में मुकदमा संख्या 0206/2026 धारा 132/121(1)/115(2)/352/351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना जारी है।
इसी क्रम में गुरुवार को थाना जीयनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में प्रकाश में आए अभियुक्त मो0 फराज पुत्र समसुजमा निवासी ग्राम खालिसपुर थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी को ग्राम खालिसपुर नहर पुलिया के पास से सुबह करीब 09:30 बजे हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा एवं हेड कांस्टेबल राजेश कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *