






आजमगढ़। कोटिला चेक पोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित तृतीय सोपान परीक्षण शिविर-2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया। पांच दिनों तक चले इस शिविर में विभिन्न विद्यालयों के स्काउट्स एवं गाइड्स ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतिभाग किया।
शिविर के दौरान शनिवार की रात्रि ग्रैंड कैंप फायर कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विभिन्न टोलियों द्वारा समूह गीत, नाटक, नृत्य एवं एकल प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर उठा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी सदर (डीएसपी) आस्था जायसवाल ने मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत बालिकाओं को जागरूक करते हुए महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1076 और 181 की जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं विशिष्ट अतिथि अतुल कुमार यादव (एआरटीओ/यातायात उप-निरीक्षक) एवं दिलीप कुमार बिंद (ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर) ने यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी डॉ. संजीव कुमार गुप्त ने अपने प्रेरक संबोधन के साथ एक मधुर गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया।
विद्यालय के प्रबंधक सीए मोहम्मद नोमान ने अपने संबोधन में छात्रों को अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी, वहीं प्रधानाचार्या रूपल पंड्या ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता जताई।
शिविर का सफल संचालन अवधेश यादव, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट्स) एवं लीडर ऑफ द कोर्स द्वारा किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों के लिए प्रवेश, प्रथम एवं द्वितीय सोपान के परीक्षण, पायनियरिंग कार्य, रस्सी-डंडों से उपयोगी गैजेट निर्माण सहित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्रमोद कुमार दुबे (जिला प्रशिक्षण आयुक्त, स्काउट्स), सुभाष चंद्र गोंड (सचिव, स्काउट्स एवं गाइड्स, आजमगढ़), गोविंदा चौहान (ट्रेनिंग काउंसलर), डॉ. शफीउज्जमा (लीडर ट्रेनर, रोवर), अजय यादव (आईटी कोऑर्डिनेटर), मोहम्मद शाहिद (यूनिट लीडर, स्काउट्स), ऊज़मा खान (यूनिट लीडर, गाइड), बृजेश (यूनिट लीडर, जनता विद्यालय इंटर कॉलेज, मेहनाजपुर), राहुल तिवारी (यूनिट लीडर, महादेवी इंटर कॉलेज, सिधारी) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही उप-प्रधानाचार्या रूना खान एवं विद्यालय स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी सफल बनाया।
शनिवार, 11 अप्रैल 2026 को शिविर का समापन सर्वधर्म प्रार्थना एवं ध्वज अवरोहण समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने देश सेवा, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।
