अंतर्जनपदीय गोवध गिरोह के दो इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, एक पर 36 तो दूसरे पर 11 मुकदमे, सलमान पर 25 हजार और सज्जाद पर था 50 हजार रुपये का इनाम, कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर अपराधों के मुकदमे

Uncategorized

आजमगढ़। फूलपुर थाना पुलिस और विशेष अपराध नियंत्रण टीम ने सोमवार को अंतर्जनपदीय गोवध गिरोह के दो इनामी आरोपितों को गिरफ्तार किया। दोनों गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों में अहरौला थाना क्षेत्र के पीठापुर गांव निवासी सलमान पुत्र फिरोज और सज्जाद पुत्र अजीज शामिल हैं। सलमान पर 25 हजार रुपये और सज्जाद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, सलमान के खिलाफ विभिन्न जनपदों में 36 और सज्जाद के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, पांच जून 2026 को जिलाधिकारी की ओर से अनुमोदित गैंग चार्ट के आधार पर फूलपुर थाने में दोनों आरोपितों समेत चार लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना पवई थाना प्रभारी कर रहे हैं। मुकदमे में वांछित सलमान और सज्जाद की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था।

सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान फूलपुर थाना प्रभारी देवेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में तलाश कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुबह 11:35 बजे सतुवहिया पुलिया से कुछ पहले दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने अपने गिरोह के साथ मिलकर गोवध करने की बात बताई। सलमान के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में आजमगढ़ के अलावा अंबेडकरनगर, जौनपुर, संतकबीरनगर, मऊ, गोंडा, अयोध्या और प्रतापगढ़ में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सज्जाद के खिलाफ भी आजमगढ़, गोंडा और देवरिया समेत विभिन्न जनपदों में गोवध और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में फूलपुर थाना प्रभारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजीज खान, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार सरोज, विनोद कुमार यादव तथा विशेष अपराध नियंत्रण टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द, कांस्टेबल श्रेष्ठ कुमार यादव और आनन्द मौर्या शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *