
मेहनगर (आजमगढ़)। दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल और मेहनगर थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने सोमवार को दुर्गा पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पूजा समितियों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल ने पूजा समितियों के सदस्यों से अपील की कि सभी पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा के मद्देनजर बालू और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें। बिजली की सजावट में विशेष सावधानी बरतें और पंडालों में खुले या कटे-फटे तारों का इस्तेमाल न होने दें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
