लड़कियों और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी और सीटीबाजी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार में महिलाओं और बालिकाओं पर अभद्र टिप्पणी करने, सीटी बजाने और अश्लील गाने गाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में भ्रमण और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रानीपुर रजमो क्षेत्र के बिंद्रा बाजार में स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि कुछ व्यक्ति आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं को देखकर सीटी बजाते हैं और अश्लील गाने गाकर अभद्र हरकतें करते हैं। इसका विरोध करने पर संबंधित पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अंसार पुत्र नेसार अहमद, मोहम्मद फहीम पुत्र नेसार अहमद और अब्दुल रहीम पुत्र नेसार अहमद निवासी बिंद्रा बाजार, रानीपुर रजमो, थाना गंभीरपुर को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में गंभीरपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 248/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 352, 351(3), 115(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन और थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के साथ ही कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *