
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के चकरसुलपुर गांव निवासी 16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, चकरसुलपुर गांव निवासी लल्लन यादव का 16 वर्षीय पुत्र निखिल यादव बुधवार को घर से खाना खाकर साइकिल से मार्टिनगंज स्थित विद्यापीठ इंटर कॉलेज पढ़ने गया था। परिजनों के मुताबिक, स्कूल पहुंचने के कुछ देर बाद ही उसके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। विद्यालय के स्टाफ ने उसे तत्काल महुजा मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जौनपुर रेफर कर दिया।
परिजन निखिल को लेकर जौनपुर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव घर लाया गया, जहां मां बिंदा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल जाते समय निखिल ने मुक्तिपुर बाजार में एक दुकान से छोला खाया था। परिजनों का दावा है कि उसकी तबीयत बिगड़ने के दौरान शरीर का रंग भी नीला पड़ गया था। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
निखिल चार बहनों—वंदना, रंजना, रूबी, लुची और खुशी—का इकलौता भाई और परिवार का सबसे छोटा सदस्य था। वह कक्षा 10 का छात्र था। घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। मृतक का अंतिम संस्कार जौनपुर के रामघाट पर किया गया।
