दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, तीन घायल; एक की हालत गंभीर

Uncategorized

आजमगढ़)। मेंहनगर थाना क्षेत्र के चिरैयाकोट-खरिहानी मार्ग पर कोटवारी गांव के पास रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के खजुरा निवासी विवेकानंद यादव (28) पुत्र श्याम नारायण उर्फ श्याम यादव बाइक से खरिहानी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कोटवारी गांव के पास पुल से पहले शाम करीब 3:45 बजे सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर ऋषभ पुत्र आत्मा, देवगांव क्षेत्र के बिशुनपुर निवासी रोहित मौर्य पुत्र मुन्ना और अनिल गौड़ सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विवेकानंद यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीनों लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर तरवां थाना क्षेत्र की बोगरिया चौकी के प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। बाद में मेंहनगर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

विवेकानंद यादव विवाहित थे और उनके एक पुत्र है। वह दो भाइयों और पांच बहनों में छठे नंबर पर थे। उनके पिता श्याम यादव बोगरिया बाजार में गिट्टी-बालू की दुकान चलाते हैं, जहां विवेकानंद भी काम में हाथ बंटाते थे। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *